बरेली। आईटीबीपी (भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल) तृतीय वाहिनी में तैनात असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर (एएसआई) परवीन हुड्डा ने एशियन गेम्स-2026 में स्वर्णिम पंच लगाकर देश की झोली में एक और पदक डाल दिया है। महिलाओं की 65 किलोग्राम बाक्सिंग स्पर्धा में परवीन ने शानदार प्रदर्शन करते चीनी ताइपे की चेन निएन-चिन को 3-2 के करीबी अंतर से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। उनकी जीत की खबर पहुंचते ही बरेली स्थित आइटीबीपी की तृतीय वाहिनी में खुशी का माहौल बन गया। महानिदेशक और सेनानी तृतीय वाहिनी ने परवीन को बधाई देते हुए आगे भी इसी तरह प्रदर्शन करने को प्रेरित किया। मूलत: रोहतक के रुड़की गांव की रहने वाली परवीन वर्तमान में आइटीबीपी की तृतीय वाहिनी लालफाटक-बुखारा में तैनात हैं। एक ओर उनके कंधों पर वर्दी की जिम्मेदारी है तो दूसरी ओर बाक्सिंग रिंग में देश के लिए पदक जीतने की चुनौती।