अमरेंद्र कांत, किशनगंज। रेलवे फाटक बंद होते ही सड़क पर वाहनों की लंबी कतार और खुलते ही आगे निकलने की होड़ की स्थिति से जिले के लोगों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। रेलवे क्रॉसिंग पर वाहनों की रफ्तार रोकने वाली व्यवस्था को खत्म करने के लिए किशनगंज जिले में पांच रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) का निर्माण कराया जाएगा। सरकार स्तर से पांचों आरओबी के निर्माण को मंजूरी मिल चुकी है। अब इसके लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी है। प्रस्तावित आरओबी में एक किशनगंज शहर में, दो ठाकुरगंज प्रखंड और दो पोठिया प्रखंड में बनाए जाएंगे। इन आरओबी के निर्माण से रेलवे क्रॉसिंग पर ट्रेन गुजरने के दौरान सड़क यातायात बाधित नहीं होगा।