धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश में मानसून सीजन के दौरान भारी बारिश, बाढ़ और भूस्खलन से हुए नुकसान का आकलन करने के लिए केंद्र सरकार की अंतर-मंत्रालय केंद्रीय टीम सोमवार को कांगड़ा पहुंची। छह सदस्यीय टीम का नेतृत्व गृह मंत्रालय, भारत सरकार के संयुक्त सचिव एम रामचंद्रुडु ने किया। टीम दो दिवसीय दौरे के दौरान कांगड़ा के विभिन्न आपदा प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर नुकसान का जायजा लेगी।