उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही बारिश से कई जिलों में हालात बिगड़ गए हैं. कई जगह जलभराव है. तेज बारिश और हवाओं से पेड़ और कच्चे मकान भी गिरे हैं. इस बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले कुछ घंटों के मौसम को लेकर नया पूर्वानुमान जारी किया है. IMD के मुताबिक दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर बना डिप्रेशन उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ रहा है. पिछले छह घंटे में यह करीब 12 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आगे बढ़ा है. 26 सितंबर की रात 11.30 बजे यह सिस्टम उसी क्षेत्र में मौजूद था.