मैनपुरी में प्रभारी प्रधानाध्यापक की गोली मारकर की हत्या, एयरफोर्स की नौकरी छोड़ शिक्षक बने थे यशपाल मैनपुरी। विद्यालय से लौट रहे आगरा के रहने वाले 52 वर्षीय प्रभारी प्रधानाध्यापक की सोमवार दोपहर को एलाऊ क्षेत्र में गांव रम्पुरा के सामने बाइक सवारों ने गोली मारकर हत्या कर दी। दिन दहाड़े हुई हत्या की घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। एसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई। रिश्तेदार पिता-पुत्र के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। हत्यारों की तलाश में पुलिस की तीन टीमें जुटी हैं। आगरा जिले के थाना एत्मादपुर क्षेत्र के गांव गुढ़ा बहरामपुर निवासी 52 वर्षीय यशपाल सिंह सुल्तानगंज विकासखंड क्षेत्र के गांव उस्मानपुर स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय में पिछले 10 साल से प्रभारी प्रधानाध्यापक के पद पर तैनात थे। वह भोगांव के गांव रुई निवासी रिश्तेदार शिक्षक रामपाल के मैनपुरी नगर में डीएम आवास के निकट मकान में रह रहे थे।